हल्दी, सिन्दूर और सवा फुट का छुरा ! युवक को पेड़ से बांधकर बलि देने वाले थे तांत्रिक
दिल्ली से छुट्टी लेकर घर आए युवक को तांत्रिकों द्वारा बंधक बना लिया। यही नहीं बल्कि उसे पेड़ से बांधकर, उसपर हल्दी, सिन्दूर, नारियल आदि से मानव बलि के लिए तैयार भी करने लगे। वो तो गनीमत रही कि एक पडोसी की नजर इनपर पड़ गई।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ में दिल्ली से छुट्टी लेकर घर आए युवक को तांत्रिकों द्वारा बंधक बना लिया। यही नहीं बल्कि उसे पेड़ से बांधकर, उसपर हल्दी, सिन्दूर, नारियल आदि से मानव बलि के लिए तैयार भी करने लगे। वो तो गनीमत रही कि एक पडोसी की नजर इनपर पड़ गई और युवक की जान बस कुछ मिनटों से बच गई। चीख पुकार मचने से तांत्रिक मौके पर अपना तकरीबन सवा फुट लम्बा छुरा भी छोड़कर भाग गए। बीती रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैली हुई है तो वहीं पुलिस तांत्रिकों की तलाश में जुटी है।

तांत्रिकों ने बनाया युवक को बंधक
दरअसल, पूरा मामला अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के कस्बा पिलखना का है। जानकारी अनुसार पीड़ित युवक दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्य करता है, जो 2 दिन पूर्व अपने घर छुट्टी बिताने के लिए आया था। पीड़ित ने घटना की जानकारी देते हुए मीडिया को बताया है कि 'बीती रात करीब 8:30 बजे वह बाथरूम यानी शौच के लिए घर से बाहर निकला था। तभी वहां खेत की तरफ से लगभग 4-5 लोग शाल, टोपा वगैरह लगाकर आ रहे थे। उसे लगा कि कोई अपने खेत पर किसी काम से जा रहा होगा इसलिए उसने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इतने में उन लोगों ने पीछे से युवक पर हमला कर उसका मुँह दबा दिया और उसे घसीटते हुए कुछ दूर ले गए। पीड़ित ने बताया कि उसे उन लोगों ने एक पेड़ से बाँध दिया। लेकिन इसके आगे कुछ ध्यान नहीं है।

पडोसी ने मचाया शोर, तांत्रिक हुए फरार
इत्तिफाक से इसी दौरान पीड़ित अखिलेश का एक पडोसी भी नित्य क्रिया के लिए उसी वक्त अपने घर से बाहर निकला था। उसने यह सब होते हुए अपनी आँखों से देख लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। पडोसी के शोर शराबे से तांत्रिक और उसके साथी घबरा गए और अखिलेश को वहीँ छोड़कर मौके से फरार हो गए। वहीं चीख पुकार सुन अन्य ग्रामीणों समेत अखिलेश के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर मिले एक खतरनाक छुरे को अपने कब्जे में ले लिया है और तहरीर के आधार पर आगे की जांच में जुट गई है।

चढाने वाले थे अखिलेश की बलि
चूंकि युवक बेहोशी की हालत में मिला था इसलिए पुलिस ये अनुमान लगा रही है कि उसे कोई नशीली चीज सुंघाई गई है या कोई नशे का इंजेक्शन लगाया गया है। साथ ही युवक ने यह भी बताया, क्योंकि वो अक्सर दिल्ली ही रहता है इसलिए ज्यादा किसी को पहचानता नहीं है। मगर उनमे से एक तांत्रिक या ओझा जैसे वेश में था। गौरतलब है कि जिस पेड़ से युवक बंधा हुआ मिला वहां पर परिजनों और पुलिस को नारियल, हल्दी, सिंदूर और एक सवा फुट का छुरा आदी पड़े मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि यह तांत्रिक 'मानव बलि' के इरादे से आए थे और पीड़ित अखिलेश कुमार की भी बलि चढाने वाले थे।












Click it and Unblock the Notifications