हिंदू युवती संग कोर्ट मैरिज करने जा रहे मुस्लिम युवक को लोगों ने पीटा, फिर रिक्शे में बैठाकर साथ ले गई पंजाब पुलिस
अलीगढ़। अलीगढ़ कोर्ट परिसर में एक मुस्लिम युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। युवक पर आरोप है कि वो पंजाब के मोहाली से एक हिंदू युवती को लेकर कोर्ट मैरिज करने लिए पहुंचा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक-युवती को जबरन वहां से रिक्शे पर बैठाकर अपने साथ ले गई। मामला तब तूल पकड़ा जब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। तो वहीं, अब युवती का कहना है कि युवक ने अपना नाम सोनू बताया था और मैं उसको हिंदू समझकर ही बात करती रही, बाद में मुझे पता चला कि वो मुस्लिम है।
Recommended Video

मुस्लिम युवक अलीगढ़ जिले का रहने वाला है और चण्डीगढ़ के मोहाली इलाके में फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता है। इस दौरान युवक की फेसबुक के जरिये एक नाबालिग युवती से दोस्ती हो गई। दोनों एक दूसरे के इतने नजदीक आ गए कि नाबालिग प्रेमिका अपने प्रेमी के साथ शादी करने के लिए मोहाली से अलीगढ़ आ गई। तो वहीं, लड़की के घरवालों ने मुस्लिम युवक के खिलाफ मोहाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया।
वहीं, जब वो दोनों अलीगढ़ कोर्ट परिसर में शादी के लिए पहुंचे तो वहां पर कुछ लोगों को पता चल गया कि दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। इस पर कोर्ट परिसर में युवक के साथ मारपीट की गई। सूचना पर थाना सिविल लाइन्स पुलिस भी पहुंच गई और दोनों को अपने साथ थाने ले आई। हालांकि युवक-युवती दोनों एक दूसरे को साथ जाने के लिए जिद पर अड़े रहे, लेकिन पुलिस जबरदस्ती दोनों को थाने ले आई। इस दौरान युवती खुद को बालिग बताती रही।
मोहाली पुलिस की एक टीम भी अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन्स में आ गई। पुलिस के साथ युवती का पिता भी मौजूद था। उसने अलीगढ़ पुलिस को युवती के नाबालिग होने के संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए जिसके बाद मोहाली पुलिस युवक और युवती को अपने साथ लेकर चली गई। समाचार एजेंसी एएनआई को दिए अपने बयान में युवती ने कहा कि युवक ने अपना नाम सोनू बताया था और मैं उसको हिंदू समझकर ही बात करती रही, बाद में मुझे पता चला कि वो मुस्लिम है। वहीं, सीओ अनिल समानिया ने बताया कि मोहाली में युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज है। वहां की पुलिस दोनों को साथ लेकर गई है। आगे की कार्रवाई वहीं होगी।












Click it and Unblock the Notifications