RAS Pre-2023: एक अक्टूबर से होगी आरएएस-प्री, चीटिंग-पेपर आउट में संलिप्तता पर 10 करोड़ का जुर्माना व उम्रकैद
RPSC RAS Admit Card 2023: अजमेर स्थित राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आरएएस प्री- 2023 की परीक्षा 1 अक्टूबर को आयोजित करवाई जाएगी। RAS Pre-2023 सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक की पारी में होगी।
आरपीएससी ने परीक्षा की तैयारी पुख्ता की है। नकल व पेपर आउट के मामलों को रोकने के लिए भी 10 करोड़ के जुर्माना व आजीवन कारावास की सजा तक का प्रावधान किया है।

बता दें कि आरएएस प्री 2023 परीक्षा के लिए प्रदेश से 6 लाख 97 हजार अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। इस हिसाब से कुल 905 पदों के लिए हो रही आरएएस परीक्षा में एक पद की दौड़ में 770 अभ्यर्थी हैं।
मीडिया से बातचीत में आरपीएससी सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि किसी अभ्यर्थी या अन्य व्यक्ति की आरएएस परीक्षा में चीटिंग-पेपर आउट में संलिप्तता पाए जाने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने से दण्डित करने के साथ ही संपत्ति कुर्क करने का प्रावधान है।
बता दें कि आरएएस परीक्षा की तैयारियों में जुट अभ्यर्थियों को आवंटित परीक्षा जिले की जानकारी रविवार को एसएसओ पोर्टल पर मिलेगी जबकि आरएएस प्री परीक्षा 2023 के प्रवेश-पत्र परीक्षा से तीन दिन पूर्व आरपीएससी की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड होंगे।
RAS Pre 2023 के आंकडे़
- 905 पदों पर होगी भर्ती
- 06 लाख 97 हजार 51 आवेदन
- 2,000 से होंगे परीक्षा केंद्र
- 46 से ज्यादा जिलों में होगी परीक्षा
OMR शीट में 05 विकल्प मिलेंगे
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित सरकारी भर्तियों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा में पांचवां विकल्प भरना होगा। इसके लिए आरपीएससी ने पिछले दिनों ही गाइडलाइन जारी की है। किसी प्रश्न का उत्तर नहीं आने पर पांचवें विकल्प को खाली छोड़ना अभ्यर्थी को भारी पड़ सकता है। ओएमआर शीट में पांच विकल्प आरएएस प्री में भी मिलेंगे।
पांचवां विकल्प खाली छोड़ा तो कटेंगे नंबर
पांचवें विकल्प को नहीं भरना भारी पड़ सकता है। पांचों में से किसी भी विकल्प का चयन नहीं करने पर हर प्रश्न के एक तिहाई अंक काटे जाएंगे। अभ्यर्थी की ओर से 10 फीसदी से अधिक प्रश्नों में यदि किसी भी विकल्प का चयन नहीं किया जाता है तो उसे उस परीक्षा के लिए अयोग्य ठहरा दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications