Hemraj Jat : मां देख रही थी फौजी बेटे के सिर सेहरा सजाने का ख्वाब, वो घर आ रहा तिरंगे में लिपटकर
इंडिया में घुसना चाह रहे आतंकवादियों से शेर की तरह लड़ा राजस्थान का यह सपूत
अजमेर। उम्र महज 23 साल थी, मगर हौसला बुलंद और इरादा हिन्दुस्तान की रक्षा का था। एलओसी पर पाक की हर नापाक हरकत पर पैनी नजर थी। बॉर्डर से आतंकवादी घुसपैठ की फिराक में थे लेकिन सामने खड़ा था भारत का जाबांज सपूत हेमराज जाट। दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए बहादुर बेटा हेमराज जाट शहीद हो गया।

शहीद हेमराज जाट के गांव भदूण में बाजार बंद
शहीद हेमराज जाट राजस्थान के अजमेर जिले के रूपनगढ़ क्षेत्र के गांव भदून के रहने वाले थे। 23 वर्षीय हेमराज जाट अविवाहित थे। मां घर बेटे के सिर पर सेहरा सजाने का ख्वाब देख रही थी, मगर इस बीच शहीद होने की खबर आ गई और मंगलवार को फौजी बेटा तिरंगे में लिपटकर घर आएगा। हेमराज जाट के शहीद होने की सूचना मिलते ही पूरे अजमेर जिले में शोक की लहर दौड़ गई। गांव भदूण में बाजार बंद हो गए। हर कोई शहीद के परिवार को ढांढ़स बंधाने पहुंचा।

4 बटालियन में ग्रेनेडियर थे हेमराज जाट
बता दें कि जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में एलओसी से पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में हेमराज जाट शहीद हुए हैं। शहीद हेमराज जाट 4 बटालियन में ग्रेनेडियर के तौर पर राजौरी जिले के पूंछ में तैनात थे। उनके चार भाई व एक बहन है। भदूण के लोगों ने बताया कि हेमराज बहुत मिलनसार थे।

2017 को सेना में शामिल हुए थे हेमराज जाट
वर्ष 1996 को जन्मे थे हेमराज जाट बता दें कि हेमराज जाट का जन्म 5 जुलाई 1996 को हुआ था। वे 23 साल की उम्र में देश की रक्षा करते शहादत को प्राप्त हो गए। हेमराज 2017 में ही सेना में शामिल हुए थे। मीडिया रिपोर्टर्स में दावा किया गया है कि पुंछ सेक्टर के शाहपुर-केरनी क्षेत्र में सीमा पार से हुई गोलीबारी में अग्रिम चौकी पर तैनात एक सैनिक शहीद हो गया।

बौखलाया पाक कर रहा नापाक हरकतें
बता दें कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने बाद से बौखलाए पाकिस्तान की ओर से यह संघर्ष विराम का उल्लंघन ऐसे समय किया गया है जब एक दिन पहले ही सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने पुंछ और राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा का दौरा कर जवानों से मुलाकात की थी और मौजूदा स्थिति के साथ ही व्हाइट नाइट कोर की संचालनात्मक तैयारियों की समीक्षा की थी।
#LtGenRanbirSingh, #ArmyCdrNC and all ranks salute the supreme sacrifice of Grenadier Hemraj Jat and offer deepest condolences to the family.@adgpi @SpokespersonMoD@PIB_India pic.twitter.com/cvXF9yvVXr
— NorthernComd.IA (@NorthernComd_IA) September 2, 2019
भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
इससे पहले जम्मू स्थित सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बयान में बताया था, 'दोपहर बाद करीब एक बजे पाकिस्तान ने पुंछ सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दागे। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।'












Click it and Unblock the Notifications