गुजरात: 17 अक्टूबर से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और 16 अक्टूबर से गिर अभ्यारण्य को खोलने की घोषणा
अहमदाबाद। गुजरात कोरोना वायरस के संक्रमण से काफी प्रभावित प्रदेश रहा है। यहां के पर्यटन स्थल पिछले सात महीनों से बंद हैं। अनलॉक-5 के तहत अब पर्यटन स्थलों को भी धीरे-धीरे खोला जा रहा है। दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को भी 17 अक्टूबर से खोल दिया जाएगा। वहीं एशियारों शेरों के लिए मशहूर गिर अभ्यारण्य को 16 अक्टूबर से खोलने की घोषणा की गई है। दोनों पर्यटन स्थल पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ टूरिस्टों को प्रवेश दिया जाएगा और उनको कोरोना काल के नियमों का पालन करना होगा।

कोरोना संक्रमण के फैलने के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पिछले सात महीने से बंद है। सरकार ने आधिकारिक तौर पर अब इसे 17 अक्टूबर से खोलने का ऐलान कर दिया है। सरकार ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि एक दिन में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में 2500 पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। एक बार में 500 पर्यटकों को गैलरी में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस तरह से हर दिन गैलरी में प्रवेश के लिए दो घंटे के पांच चक्र होंगे।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में प्रवेश के लिए टिकट की बुकिंग ऑनलाइन होगी। काउंटर से टिकट की बिक्री नहीं की जाएगी। पर्यटकों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है और उनके खड़े होने के लिए स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर के अंदर जगह निर्धारित किए गए हैं। 31 अक्टूबर को केवडिया में एकता दिवस मनाया जाएगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

16 अक्टूबर से गिर अभ्यारण्य भी खोल दिया जाएगा। यहां भी कोरोना वायरस संक्रमण काल के नियमों का पालन करना होगा। वन विभाग ने इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे पहले दो सफारी पार्क खोले जा चुके हैं। यहां आए पर्यटकों के अनुभवों के बाद अब 16 अक्टूबर को गिर को खोलने का फैसला लिया गया। पर्यटकों को सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications