70 साल की नानी से भीख मंगवाता था युवक, पता चला तो अहमदाबाद सिटी पुलिस ने किया गिरफ्तार
अहमदाबाद. एक शख्स अपनी 70 साल की नानी से भीख मंगवाया करता था। पता चलने पर गुजरात में अहमदाबाद सिटी पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने वृद्धा को भीख मांगते देखा था। पूछताछ की तो पता चला कि भीख के पैसे कोई और रख लेता है और वह ही उससे भीख मंगवाता है। जिसके बाद आनंदनगर पुलिस के अधिकारी अनिल प्रथम ने उस शख्स के खिलाफ शिकायत कर दी।

25 वर्षीय आरोपी शख्स के खिलाफ पुलिस ने पैरेंट्स ऐंड सिनियर सिटिजन ऐक्ट और सार्वजनिक उपद्रव फैलाने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस अधिकारी अनिल प्रथम का कहना है कि, वह कुछ दिनों पहले मॉर्निंग वॉक पर गए थे, तभी उन्होंने वृद्धा को भीख मांगते देखा था। वह वृद्धा 70 वर्षीय तारा सोलंकी वेजलपुर के श्रीनंदनगर की रहने वाली है। वह श्यामल चौराहे पर भीख मांगती है।
पुलिस ने बताया कि, तारा की बेटी का लड़का जिगर उसे रोज श्यामल चौराहे पर भीख मांगने के लिए ड्रॉप करके जाता था। इस संबंध में पुलिस अधिकारी अनिल प्रथम ने एक प्रार्थना पत्र लिखकर मामले में शिकायत दर्ज करने के लिए कहा। जिसके उपरांत आनंदनगर पुलिस की एक टीम उक्त वृद्धा के पास पहुंची और उसे थाने लेकर आई। पूछताछ में उसने बताया कि उसे वहां पोता छोड़कर जाता है। यह बताते हुए वह वृद्धा काफी डरी हुई थी और कांप रही थी। उसे लग रहा था कि पुलिस पोते समेत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी।
पुलिस ने वृद्धा को छोड़ जिगर को ही थाने बुलाया और उसके खिलाफ केस दर्ज किया। बहरहाल जिगर को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। यह सामने आया है कि, जिगर के पिता नहीं हैं और घर पर उसकी मां और एक भाई है।












Click it and Unblock the Notifications