शादी के बाद हार्दिक का ऐलान, जेल में बंद साथियों के लिए करेंगे 1 लाख पाटीदारों संग आंदोलन
Gujarat News, गांधीनगर। हार्दिक पटेल अपनी शादी के बाद एक बार फिर पाटीदार-आंदोलन के लिए व्यस्त हो गए हैं। पटेल ने कहा है कि अब आंदोलन आरक्षण के लिये नहीं, बल्कि जेल में बंद हमारे भाईयों की मुक्ति के लिए होगा, साथ ही पाटीदार युवाओं पर लगे पुलिस के झूठे केस भी वापस कराए जाएंगे।

साढ़े 3 साल लड़ चुके हैं, सरकार से अब भी नहीं झुकेंगे
बकौल हार्दिक, हम हर जिले में घूमेंगे। बैठक करेंगे और एक लाख से ज्यादा पाटीदार आंदोलनकारियों को इकट्ठा करके इस सरकार को ताकत दिखा देंगे। अब चाहिए ये कि पाटीदारों पर लगाये गये सभी मामले वापस लिए जाएं। झुकने का सवाल नहीं है, सरकार के सामने हमारी नई जंग शुरू होगी। हमारा उद्देश्य है, गरीब लोगों को न्याय और अधिकार दिलाना। साढ़े तीन साल गरीबों और पिछड़े पाटीदारों के लिए लड़ चुके हैं, कुछ मांगें माननी ही पड़ीं।

बता दें कि, हाल ही अहमदाबाद में पाटीदार आरक्षण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक केंद्र सरकार द्वारा दिए गए 10% आरक्षण पर बुलाई गई थी। हार्दिक पटेल इसमें शामिल हुए थे। जहां उन्होंने कहा, हमारे मिशन में जो लोग निर्दोष रूप से काम करते थे और आंदोलन में भाग लेते थे, उनको सरकार ने झूठे केसों में फंसा दिया। पुलिस ने हमपर बहुत अत्याचार किए हैं। अब आंदोलन से जवाब देंगे।












Click it and Unblock the Notifications