56 लाख से ज्यादा गुजराती किसानों को 3795 करोड़ की सहायता देंगी राज्य और केंद्र की सरकारें
अहमदाबाद। गुजरात में बेमौसम बारिश एवं चक्रवात के कारण हुई फसल बर्बादी के बाद से किसानों के विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। खरीफ फसलों को व्यापक नुकसान के मद्देनजर सरकार ने घोषणा की है कि राज्य के 56 लाख से अधिक किसानों को अब 3795 करोड़ की सहायता प्रदान की जाएगी। इस राशि में 2154 करोड़ रुपए केंद्र सरकार के और 1641 करोड़ रुपए राज्य सरकार के कोष से होंगे।

फसल बीमा योजना से अतिरिक्त मदद किसानों को देंगे
बता दें कि, इससे पहले 13 नवंबर को राज्य सरकार ने लगभग 700 करोड़ के सहायता पैकेज की घोषणा की थी। जिसे कांग्रेस ने किसानों का मजाक करार दिया था। वहीं, किसान यूनियन भी 700 करोड़ की मदद को नाकाफी बता रही है। जिसके बाद अब सरकार ने पैकेज को विस्तारित किया है। यह सहायता फसल बीमा योजना के तहत मिलने वाली राशि से अतिरिक्त होगी।

'राज्य में 8 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की फसलें खराब हुईं'
वहीं, प्रदेश के किसान संगठनों का कहना है कि 18 जिलों में फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों की फसल हानि 8 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। ऐसे में 700 करोड़ का सरकारी पैकेज ऊंट के मुंह में जीरे के समान था। भारतीय किसान संगठन ने भी 700 करोड़ के पैकेज पर नाराजगी जताई। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार का पैकेज पर्याप्त नहीं है। केंद्र सरकार का पैकेज का भी किसानों को मिलना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications