गुजरात में 60 लाख एपीएल कार्ड धारकों को आज से मुफ्त मिलेगा अनाज, रजिस्टर्ड स्टोर पर हुई व्यवस्था
अहमदाबाद। कोरोना-लॉकडाउन के बीच आमजन के परेशानियां दूर करने की दिशा में सरकार द्वारा कई प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की घोषणा पर अमल करते हुए राज्य सरकार ने गरीबी रेखा और उससे ऊपर की श्रेणी के लोगों के लिए अहम शुरूआत की है। सोमवार, यानी 13 अप्रैल से प्रदेशभर में एपीएल-1 कार्ड धारकों को राशन की दुकानों से अनाज मुफ्त बंटना शुरू हो गया है। सरकार ने ऐलान किया था कि, अनाज का वितरण 17 हजार उचित मूल्य की सरकारी मान्यता प्राप्त दुकानों से किया जाएगा।

सरकार का फोकस इस योजना के तहत सूबे के दो करोड़ से ज्यादा लोगों फायदा पहुंचाने पर है। इसे लेकर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई थी। इस पर कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया। इस संबंध में मुख्यमंत्री के सचिव अश्विनी कुमार ने बताया कि कोरोना वायरस और लॉकडाउन के मौजूदा हालात में मुख्यमंत्री द्वारा अनाज वितरण के दौरान भीड़भाड़ से बचने के और सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर सभी को पर्याप्त अनाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
बकौल अश्विनी कुमार, गुजरात में अनाज वितरण की सुचारू व्यवस्था के लिए ग्रामीण और शहरी स्तर पर प्रति दुकान एक-एक समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति में शिक्षक, पटवारी या ग्रामसेवक, पुलिस और स्थानीय अग्रणी का समावेश किया जाएगा। इस समिति को सामाजिक दूरी को बनाए रखने, वितरण की सुचारू व्यवस्था और वास्तविक लाभार्थी को बिना किसी अव्यवस्था के अनाज सुलभ कराने के लिए ही कार्रवाई करनी होगी।
मुख्यमंत्री की ओर से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को दिए गए निर्देश के अनुसार एपीएल-1 कार्ड धारकों को अपने साथ आधार कार्ड भी लाना होगा। तथा सरकारी मान्यता प्राप्त उचित मूल्य की दुकान के संचालक को इस आधार पर अनाज का वितरण करना होगा। राज्य के 60 लाख से अधिक एपीएल-1 कार्ड धारक मध्यमवर्गीय परिवारों को इसका लाभ दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications