1 घंटे में 21 बम धमाकों से दहल गया था गुजरात का सबसे बड़ा शहर, आतंकी भाग गए थे पाकिस्तान
अहमदाबाद। वर्ष 2008 में देश के कई बड़े शहरों में सीरियल ब्लास्ट हुए थे। गुजरात का सबसे बड़ा शहर अहमदाबाद भी आतंकियों ने दहला दिया था। यहां एक घंटे के भीतर 20 जगहों पर 21 बम ब्लास्ट किए गए थे। वे आतंकी इंडियन मुजाहिदीन ग्रुप के थे। जिन्होंने बाद में जयपुर, सूरत, वाराणसी समेत कई अन्य बड़े शहरों को निशाना बनाया। 2008 में ही देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर भीषण आतंकी हमला हुआ।

51 लाख पेजों की चार्जशीट बनाई गई
अहमदाबाद में हुए सीरियल बम ब्लास्ट मामले के गुनहगारों को सजा दिलाने के लिए आज सुनवाई होगी। इस मामले में स्पेशल कोर्ट के जज अंबालाल पटेल 77 आरोपियों की सजा पर फैसला करेंगे। बम ब्लास्ट केस में यह पहला फैसला होगा, जो अदालत में ऑनलाइन सुनाया जाएगा। जज अंबालाल पटेल सेशंस कोर्ट में बैठकर वर्चुअल फैसला देंगे।
पुलिस की ओर से बताया गया कि, पूरे मामले पर कुल 51 लाख पेज की चार्जशीट है। इसमें 1163 गवाहों की गवाही को वैध रखा गया है। 2009 से इसकी सुनवाई रोजाना हो रही है।

21 जगह हुए धमाकों में 56 लोग मारे गए थे
अहमदाबाद में 26 जुलाई 2008 के दिन 70 मिनट में 20 स्थानों पर एक के बाद एक 21 ब्लास्ट हुए थे। इन ब्लास्ट में 56 लोगों की जान गई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। ये हमले पाकिस्तानी आतंकियों की मिलीभगत से हुए थे। बम ब्लास्ट के बाद मुख्य 3 आरोपी यासिन भटकल, रियाज भटकल और इकबाल पाकिस्तान भाग गए थे। हालांकि, बाद में यासिन को दबोच लिया गया था।

देश की विभिन्न जेलों में बंद हैं आरोपी
घटना के बाद पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की विभिन्न कार्रवाई में दो दर्जन से ज्यादा आरोपियों को पकड़ा गया। उन आरोपियों को मुंबई, दिल्ली, बेंगुलुरू, जयपुर और केरल समेत 7 राज्यों की जेलों में कैद किया गया। पुलिस ने बताया कि, ऐसे 28 आरोपी हैं। इस मामले में अकेले अहमदाबाद में 20, जबकि सूरत में 15 एफआईआर दर्ज की गईं। आज इस मामले में अदालत फैसला सुनाएगी। फैसले को देखते हुए अहमदाबाद पुलिस को सुबह 10 बजे से अलर्ट कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications