मच्छरों की ब्रीडिंग मिली तो गुजरात में स्वास्थ्य विभाग ने सील करा दिए 9 स्कूल-कॉलेज
अहमदाबाद। गुजरात के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में महानगर पालिका की ओर से 747 स्कूल-कॉलेजों में मच्छरों की मौजूदगी को लेकर जांच कराई गई। जिनमें 80 से ज्यादा स्कूल-कॉलेजों में मच्छरों की ब्रीडिंग मिली। जिसके बाद मनपा द्वारा 9 स्कूलों को सील कर दिया गया, जबकि 81 स्कूल-कॉलेजों को नोटिस देकर 1.57 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। पालिका के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मलेरिया और डेंगू के मामलों की लगातार शिकायतें मिलने पर कर्मचारियों ने स्कूलों में अभियान चलाया। इसके तहत उन स्कूल-कॉलेजों के खिलाफ सख्त-कार्रवाई की गई, जो मानकों पर खरे नहीं उतरे या फिर जिनमें मच्छर-कीट पतंगों को लेकर इंतजाम नहीं किए गए थे।

इस साल डेंगू के 5 हजार से ज्यादा केस सामने आए
विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2019 में डेंगू के 5 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। इसी रोग के चलते 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई। अहमदाबाद में डेंगू की बीमारी ने पिछले 5 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। ऐसे में शहर में कुल 119 सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जागृत करने के लिए ग्रुप चर्चा, शेरी नाटक, मेजीकल शो आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही स्कूलों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।












Click it and Unblock the Notifications