UP News: महिलाएं तोड़ने लगीं शराब की बोतलें, पुरुष पेटी लेकर भागे, पुलिस बनी मूकदर्शक, देखें Video
UP News: उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद से शराब ठेके पर महिलाओं द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिलाएं शराब की बोतलें तोड़ रही हैं।
इतना ही नहीं वहां मौजूद मर्द लोग शराब की पेटियां लेकर भागते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं गुस्साई महिलाओं ने हाईवे जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। वहां से गुजर रहे किसी राहगीर ने इसका बना लिया और वायरल कर दिया।

दरअसल, यह वीडियो आगरा जनपद के कागारौल-फतेहपुर सीकरी हाइवे पर स्थित नगला हरीमन गांव के समीप का है। बताया जा रहा है कि हाइवे पर कुछ दिन पहले शराब की एक दुकान खुली थी।
शराब की दुकान खुलने के बाद महिलाओं द्वारा उसका विराेध किया गया। महिलाओं का कहना है कि कई बार शराब की दुकान को बंद करने के लिए कहा गया लेकिन दुकान बंद नहीं हुई।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में शराब की दुकान खुल जाने के बाद वहां शराबियों का जमावड़ा होने लगा है। गांव के अधिकतर पुरुष काम छोड़कर शराब पीते हैं और धीरे-धीरे शराब पीने के आदी हो रहे हैं।
इसी बात से नाराज होकर शुक्रवार को पचास से अधिक महिलाएं शराब ठेके पर पहुंच गईं। महिलाओं के पहुंचने के बाद उनका उग्र रुप देख सेल्समैन वहां से भाग निकला। उसके बाद महिलाएं दुकान में घुस गईं और उसमें रखी शराब की पेटी बाहर निकाल कर सड़क पर फेंकते हुए नारेबाजी करने लगीं।
इस बारे में कारागौल थाना प्रभारी राजीव सिराेही ने बताया कि महिलाओं द्वारा शराब ठेके का विरोध करते हुए शराब की दुकान में तोड़फोड़ और नारेबाजी की गई है। मामले में शराब ठेकेदार द्वारा शिकायत नहीं किया गया है। यदि शिकायत किया जाता है तो शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications