आगरा: सांस लेने में तकलीफ होने पर आईसीयू में भर्ती मनीष की मौत, कोरोना वायरस ने ली चार की जान
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में कोरोना वायरस के संक्रमण से चार की मौत हो चुकी है। मंगलवार रात को 57 वर्षीय मनीष की मौत हो गई। इससे पहले तीन महिलाओं की भी जान कोरोना वायरस की वजह से जा चुकी है। अब तक जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 149 पहुंच गई है।

मंगलवार रात को एसएन मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन वार्ड में मनीष की मौत हो गई। सांस लेने में तकलीफ होने पर मनीष राठौड़ को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम निवासी मनीष की जांच की गई थी तो पहली रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसके बाद उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जब परिजनों को इस बात की जानकारी दी गई तो उनके होश उड़ गए। मनीष राठौड़ को आईसीयू में रखा गया था जहां उन्होंने मंगलवार रात को दम तोड़ दिया।
जिलाधिकारी पी एन सिंह ने इस बारे में बताया कि सांस में तकलीफ होने की वजह से एसएन मेडिकल कॉलेज में मनीष को आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी पहली रिपोर्ट निगेटिव लेकिन दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मृतक के संपर्क में जो भी लोग आए थे, उनके बारे में खोजबीन की जा रही है।
तीन महिलाओं की मौत
मनीष के अलावा जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है। आठ अप्रैल को 76 साल की कोरोना संक्रमित महिला मरीज की एसएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। इसके बाद आगरा के भगवान टॉकीज के पास स्थित हॉस्पिटल में शनिवार को कैंसर से पीड़ित शिकोहाबाद निवासी महिला की मौत हुई। फिर रविवार को फर्रुखाबाद निवासी महिला ब्रेन हेमरेज के बाद भर्ती हुई और उनकी भी मौत हो गई। तीनों की जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications