साक्षी के बाद इस लड़की ने वीडियो अपलोड कर मांगी सुरक्षा, ताऊ के बेटे पर लगाया बेचने का आरोप
आगरा। बरेली से विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा के बाद ताजनगरी आगरा के एक प्रेमी युगल का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रेमी युगल ने एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि उसके ताऊ के बेटे ने उसे उसकी दोगुनी उम्र के पुरुष को 2 लाख रुपये में बेच दिया। इसके बाद वह किसी तरह से घर से भाग गई और अपने प्रेमी से शादी कर ली।

जानकारी के अनुसार, मामला आगरा जिले के सैया थाना इलाके के गांव पंचायत हुलुसपारा का है। वायरल वीडियो में युवती ने बताया कि उसका कोई सगा भाई नहीं है। ताऊ के बेटे व माता-पिता ने डेढ़ माह पहले उसकी उम्र के दोगुने बड़े व्यक्ति के साथ दो लाख रूपए में बेच दिया और शादी करा दी। वह शख्स युवती के साथ मारपीट व ज्यादती करता था। यह भी कहता था कि उसे अन्य जगह बेचेगा। युवती ने बताया कि वह 17 अगस्त को उस शख्स के चंगुल से भाग निकली।
इसके बाद 24 अगस्त को करौली आश्रम में अपने गांव के प्रेमी चंद्रशेखर के साथ आर्य समाज के रीति रिवाज से शादी कर ली। लेकिन इसके बाद से दोनों फरार हैं। युवती व युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर विजेंद्र प्रधान, हाकिम सिंह, राम गोपाल, देवेंद्र, दुर्गे आदि से जानमाल का खतरा जताया है। कहा कि, ये लोग जान से मारने के लिए ढूंढ रहे हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा की जाए। वहीं, सैंया थाने के प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो की बात सामने आई है लेकिन अभी तक इस संबंध में किसी ने पुलिस से संपर्क नहीं किया है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications