'मां और मामा कराते हैं देह व्यापार, मुझे भी दलाल के हाथों बेचा', जानिए पीड़िता की दुख भरी कहानी
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपनी सगी मां और मामा पर गंभीर आरोप लगाये हैं। जिलाधिकारी कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में पीड़िता ने अपनी मां और मामा पर उसे देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगाया है। साथ ही पीड़िता ने यह भी कहा है कि जिस युवक की मदद से वह इस देह व्यापार के दलदल से बाहर निकली, मां और मामा ने उसके खिलाफ ही झूठा केस दर्ज करा दिया।

कोलकाता में दलाल के हाथों बेचा
पीड़ित युवती ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वो बेड़िया समाज से है और उसके घर में देह व्यापार होता है। घर की सभी महिलाएं भी यही काम करती है। युवती ने बताया उसके मामा कोलकाता में रहते है। कोलकाता से मामा फोन किया कि उसके छोटे भाई का जन्मदिन मनाना है। वो 11 जनवरी 2019 को कोलकाता पहुंच गई तो वहां उसे दलाल के हाथों बेच दिया गया। उसे कोठे पर रखा गया, जहां उसका यौन शोषण हुआ। इतना ही नहीं उसे खाना भी नहीं दिया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

युवक पर दर्ज कराया था अपहरण का मुकदमा
पीड़िता ने बताया कि वहां आगरा की और भी युवतियां मिलीं। उन्होंने आपबीती सुनाई तो उनमें से कई ने बताया कि उन्हें भी उसी के मामा ने भेजा है। युवती ने बताया कि अपने एक मित्र की मदद से वो भाग सकी। उसे लेकर आगरा आई। वहां उसके मां और मामा ने उस युवक के खिलाफ उसके ही अपहरण का केस दर्ज करा दिया।

युवती के पास हैं कई सबूत
युवती ने कई ऐसे फोटो भी मीडिया के सामने रखे जिसमें उसकी मां और मामा ग्राहक के साथ शराब पार्टी और अय्याशी करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। साथ ही कुछ ऐसे फोटो भी दिखाए जिसमें नोटों की गड्डी के ऊपर बाकायदा लड़कियों के नाम लिखे थे। बता दें कि पीड़िता ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की। वहीं, इस मामले में सीओ सदर विकास जायसवाल का कहना है कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications