भाजपा सरकार में बढ़ी है शराब की खपत, सपा सरकार आई तो आलू से बनाएंगे वोदका: अखिलेश
आगरा, 8 फरवरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार मुकाबला भाजपा और सपा गठबंधन के बीच माना जा रहा है। दोनों ही दल लगातार एक दूसरे पर निशाना साधते हुए जनता से जनहित में काम करने का वादा भी कर रहे हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आगरा के खंदौली के पास हुई एक जनसभा में आलू प्रोसेसिंग प्लांट लगाने के साथ-साथ वोदका शराब का प्लांट लगाने का भी वादा कर दिया। अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में वोदका की खपत बढ़ गई है, सपा सरकार आएगी तो आलू से वोदका बनाने का काम करेंगे।

एत्मादपुर सीट से सपा प्रत्याशी डॉक्टर वीरेंद्र सिंह चौहान के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए अखिलेश यादव ने 6 जनवरी को एक जनसभा को संबोधित किया। इस जनसभा में अखिलेश यादव ने प्रत्याशी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये एग्रीकल्चर के प्रोफेसर हैं, इनको विधायक बनाओगे तो आलू के प्रोसेसिंग प्लांट और वोदका का प्लांट लगाने में ये मदद करेंगे। इसके बाद अखिलेश ने प्रोफेसर प्रत्याशी से पूछा कि बताओ आलू से वोदका बन सकता है या नहीं, शराब बन सकती है नहीं? प्रत्याशी ने जवाब में हामी भरी।
अखिलेश ने कहा कि एत्मादपुर आलू बेल्ट का हिस्सा है और भाजपा सरकार ने आलू के लिए कुछ नहीं किया। कहा कि सपा सरकार आई तो सिंचाई के लिए फ्री बिजली देंगे, लोगों को घरेलू बिजली भी 300 यूनिट तक मुफ्त दी जाएगी। कहा कि किसानों को आलू की कीमत दिलाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। आगरा से लेकर कन्नौज तक अगर कोई आलू या वोदका प्लांट लगाना चाहेगा तो इसके लिए ज्यादा से ज्यादा सब्सिडी देंगे।
भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार में वोदका की खपत दो प्रतिशत थी जबकि भाजपा सरकार आने के बाद इसकी खपत बहुत ज्यादा बढ़ गई है। भाजपा सरकार में वोदका पीनेवालों की तादाद बहुत बढ़ी है, ऐसे में आलू प्रोसेसिंग के साथ-साथ वोदका भी बनाया जा सकता है। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 80 प्रतिशत लोग सपा गठबंधन के साथ है। इस बार लोग भाजपा के झांसे में नहीं आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications