जन्मदिन पार्टी के दौरान आगरा में गिर पड़ी घर की छत, दो की मौत, 15 घायल
आगरा, 24 अगस्त: खबर उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से है, यहां जन्मदिन पार्टी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा ताजगंज थाना क्षेख के धांधूपुरा गांव में स्थित आरपी नगर कॉलोनी में रविवार रात को हुआ है। यहां रहने वाले गजेंद्र हरि वर्मा के दो मंजिला मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे में 17 लोग मलबे में दब गए।

चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। वहीं, मलबे में दबे लोगों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गजेंद्र हरि वर्मा मकान में रहते नहीं हैं। उनके परिचित गांव धांधूपुरा के अनिकेत चौधरी का रविवार को जन्मदिन था। उसने गजेंद्र हरि वर्मा के मकान में पार्टी आयोजित की थी। छत पर पार्टी चल रही थी।
50-60 रिश्तेदार और दोस्त आए थे, जो डीजे पर डांस कर रहे थे। बताया कि रात तकरीबन साढ़े नौ बजे लोगों के भार की वजह से पुराने मकान की गार्डर और पत्थर की छत भरभराकर गिर गई। दूसरी मंजिल की छत गिरने से पहली मंजिल की छत भी ढह गई। लोग भूतल पर आकर गिरे। सभी मलबे में दब गए। हादसे के बाद चीखपुकार मचने पर ग्रामीण आ गए। बाद में थाना ताजगंज की फोर्स और दमकलकर्मी भी पहुंच गए। उन्होंने बचाव कार्य के बाद लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी पर एसएसपी मुनिराज जी और जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह सहित अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। उन्होंने राहत कार्य की जानकारी ली। वहीं राज्य मंत्री चौधरी उदयभान सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने हादसे की जानकारी ली। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि
दो युवकों गांव धांधूपुरा निवासी मंजीत (24) और अरुण (22) की मौत हुई है। 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों का निजी अस्पताल और एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया जा रहा है।
सीएम ने दिए राहत और बचाव कार्य के निर्देश
प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने धांधूपुरा में हुए हादसे की जानकारी पर जिला प्रशासन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। घायलों के उचित उपचार और मकान से मलबा हटाने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications