आगरा में नहीं थम रहा कोरोना का प्रकोप, 45 नए मामले और आए सामने
आगरा। कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते संक्रमण के कारण उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में हालात लगातार खराब होते जा रहे है। यहां हर रोज पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक, 45 और नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट रविवार सुबह आई है। इसी के साथ आगरा शहर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 241 हो गई है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने इस बात की जानकारी दी।

आगरा के डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि केजीएमयू से रविवार सुबह प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 45 नए संक्रमण के मामले मिले हैं। इन सभी को क्वारंटाइन कर उपचार किया जा रहा है। इनसे जुड़े लोगों की भी तलाश की जा रही है। उनके भी टेस्ट कराए जाएंगे। डीएम ने बताया कि पारस हॉस्पिटल के साथ अब डॉक्टर मित्तल नर्सिंग होम के संपर्क के मरीज भी चुनौती बन गए हैं। अब तक 3610 सैंपल लिए जा चुके हैं। 281 पूल सैंपल लिए गए हैं। अब तक कोरोना से तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही डीएम ने दावा किया है कि आगरा में अभी सामुदायिक संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है।
कोरोना से बचाव के आगरा मॉडल का बचाव करते हुए डीएम ने कहा कि आगरा में हमने कोरोना पर काफी हद तक काबू पा लिया है। यह संख्या चार-पांच गुना तक हो सकती थी। कोविड-19 के अभी तक की सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया गया है, नतीजतन स्थिति काबू में है। आगरा में हॉटस्पॉट की संख्या बढ़ाई जा रही है।
तबलीगी जमात लिंक ने बढ़ाई टेंशन
डीएम ने कहा है कि आगरा में सभी कोविड-19 मामलों के स्रोत हमें पहले से ही पता हैं। अज्ञात सोर्स से एक भी मामला अभी तक सामने नहीं आया है। इसलिए अभी तक आगरा में कोरोना के सामुदायिक स्थानांतरण की सूरत नहीं है। इसके अलावा 6 संक्रमित मामले गढ़ैया ताजगंज के हैं, जो संक्रमित जमाती के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। इसी तरह तीन अन्य मामले शहर के अलग-अलग हिस्से से हैं। इससे निपटने के लिए बड़े पैमाने पर सैंपलिंग हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications