मानसिक रोगी युवती से रेप के बाद हैवानियत, खून से सनी ईंट मिली
आगरा। आगरा में युवती से रेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है युवती मानसिक रूप से विक्षिप्त है। रविवार सुबह वो एक अगरबत्ती फैक्ट्री में बेसुध हालत में पड़ी मिली। युवती के सिर पर ईंट से प्रहार किए गए थे, खून के छीटें दीवार तक पर पड़े थे। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फुटेज में शनिवार रात एक युवक युवती को फैक्ट्री की तरफ ले जाता दिख रहा है। पुलिस फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, मानसिक रूप से कमजोर 22 वर्षीय युवती दो दिन से यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर रह रही थी। युवती के घरवालों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। रविवार सुबह वह कुआं वाली गली में सुनील अग्रवाल की अगरबत्ती की फैक्ट्री के गेट के बरामदे में मरणासन्न हालत में मिली। उसके कपडे़ अस्त व्यस्त थे। युवती के सिर और चेहरे पर ईंट से प्रहार किए गए हैं।
पुलिस ने युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को घटनास्थल से खून से सनी ईंट मिली है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक रात के 12:13 बजे रोड से युवती को गली के अंदर लेकर जाता नजर आ रहा है और रात करीब 2:08 बजे अकेला बाहर निकलता है। पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक ने बताया कि रेप और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें बनाई गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications