मुजफ्फरनगर : कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में पहुंचाई गई राहत सामग्री
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर के नवनियुक्त मण्डलायुक्त भुवनेश कुमार ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के काम में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। कुमार ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में दाल, चावल, आटा, नमक, चीनी आदि का वितरण सुचारु किया जाए।
इसी प्रकार उन्होंने पराग दूध के प्रबन्धकों को निर्देश दिए कि दूध की आपूर्ति की व्यवस्था की जाए तथा इस काम में अपने सभी वाहनों तथा आरटीओ द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों की मदद ली जाए। मण्डलायुक्त ने कहा कि विद्युत आपूर्ति 24 घंटे की जाएगी। इस सम्बन्ध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थान से विद्युत खराबी की सूचना मिलती है तो उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए।

आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि सभी एम्बुलेंस चालू स्थिति में रखे जाएं तथा कहीं से भी किसी बीमार व्यक्ति की सूचना मिलती है, तो उसे तुरन्त अस्पताल पहुंचाया जाए। आयुक्त ने जल निगम व ई.ओ. नगर पालिका को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए हैं।
भुवनेश कुमार ने कर्फ्यूग्रस्त इलाकों मंे राहत सामग्री पहुंचाने सम्बंधित बैठक में निर्देश दिए कि जनता को अधिकाधिक सुविधाएं मुहैया कराना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए अधीनस्थों को मुस्तैद किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका मुहल्लों से कूड़ा उठाने के लिए छोटे ठेले की व्यवस्था करें ताकि हर गली-मुहल्लों से कूड़े की सफाई हो सके।
उल्लेखनीय है कि छेड़छाड़ की एक घटना के बाद भड़की हिंसा में जिले में अबतक 38 लोगों की मौत हो चुकी है, और वहां कर्फ्यू लागू है। मंगलवार को तीन थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू में दो घंटे की ढील दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications