भारत की एक इंच जमीन पर भी चीन का कब्जा नहीं : एंटनी
नयी दिल्ली। लोकसभा में चीन के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामें के बाद रक्षामंत्री एके एंटनी ने इस पर जबाव दिया। सरकार की ओर से सफाई पेश करते हुए एंटनी ने कहा कि भारतीय सेना में चीनी सेना की घुसपैठ पूरी तरह गलत है। रक्षा मंत्री एके एंटनी ने ऱाष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकर बोर्ड के अध्यक्ष श्याम सरन की रिपोर्ट पर सफाई देते हुए कहा कि मैं सदन को यकीन दिलाता हूं कि भारत का अपने इलाके के किसी भी हिस्से को चीन को दे देने का कोई सवाल ही नहीं है।
विपक्ष को यकीन दिलाते हुए एंटनी ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय हित की सुरक्षा के लिए सीमावर्ती इलाकों में देश की क्षमताओं को मजबूत करना जारी रखेगी। लोकसभा में एंटनी ने सरन की रिपोर्ट पर जोर देते हुए ये स्पष्ट किया कि उनकी रिपोर्ट में ये नहीं कहा है कि चीन ने भारत के किसी हिस्से पर कब्जा किया है और ना ही ये बात कही है कि सेना को भारत के किसी भी क्षेत्र में घुसने पर रोक लगाई है। उनकी रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि भारत सरकार को चीन से लगे सीमाओं पर निरंतर नजर रखनी चाहिए।

सीमा की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय करते रहना चाहिए। दरअसल राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष श्याम सरन ने 2 से 9 अगस्त को लद्दाख का दौरा किया और भारत-चीन सीमा से जुंड़े आधारभूत ढ़ांचे की रिपोर्ट सरकार को पेश की। जिसके बाद मीडिया में रिपोर्ट आई की लद्दाख इलाके में चीनी सैनिकों की घुसपैठ के कारण भारतीय सेना करीब 640 वर्ग किलोमीटर इलाके में पेट्रोलिंग नहीं कर पा रही है। रिपोर्ट में कहा गया कि चीनी सेना ने भारतीय सैनिको को गश्त से रोक दिया है।
जिसके बाद मीडिया में आई इस तरह की खबरों ने संसद तक को झकझोर दिया है। इस मसले पर लोकसभा और राज्यसभा में जमकर बवाल हुआ। विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विपक्ष के बढ़ते दबाव के बाद आज लोकसभा में रक्षा मंत्री एके एंटनी ने अपनी सफाई पेश की है।












Click it and Unblock the Notifications