मोदी इस्तीफा दे दें या फिर मुकदमे का सामना करें: माकपा
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफा मांगा और जेल में बंद पुलिस अधिकारी द्वारा लगाए आरोपों के मद्देनजर उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की। माकपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि माकपा मांग करती है कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ संबंधित मामले में मुकदमा चलाया जाना चाहिए और उन्हें तत्काल पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
इसके एक दिन पहले पुलिस अधिकारी डीजी वंजारा का लिखा पत्र सार्वजनिक हुआ, जिसमें वंजारा ने मोदी और गुजरात के पूर्व गृह मंत्री अमित शाह पर फर्जी मुठभेड़ों में कथित आतंकवादियों को मारने की मंजूरी देने का आरोप लगाया था। इस पत्र के उजागर होने के बाद माकपा का यह बयान आया है। वंजारा एक समय मोदी के बेहद करीबी अधिकारी माने जाते थे और संदिग्ध आतंकियों की नृशंसतापूर्वक हत्या करने के आरोप में अप्रैल 2007 से जेल में बंद हैं।

माकपा ने सर्वोच्च न्यायाल की निगरानी में उस सीडी की जांच करने की भी मांग की, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व पर कुछ आपराधिक मामलों में न्यायिक प्रक्रिया बाधित करने का आरोप लगाया गया है। माकपा ने कहा है कि इस दौरान अमित शाह की जमानत भी निरस्त की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications