योगी आदित्यनाथ समर्थकों और पुलिस के बीच भयंकर झड़प
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में अयोध्या और गोंडा की सीमा पर पचपेड़वा के पास दुबौला में आयोजित राष्ट्र रक्षा रैली को सम्बोधित करने जा रहे गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ को प्रशासन ने गोरखपुर में ही रोक लिया। प्रशासन के द्वारा योगी को रोके जाने के बाद उनके समर्थकों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। योगी आदित्यनाथ सुबह 10 बजे रैली में भाग लेने के लिए निकले। जैसे ही प्रशासन को योगी के निकलने की खबर मिली, उन्हें गोरखपुर में ही रोक लिया गया। प्र
शासन के इस रवैऐ पर योगी नाराज होकर गोरखपुर में ही धरने पर बैठ गए। आदित्यनाथ समर्थकों को जैसे ही इसकी खबर मिली, पूरे शहर में जगह-जगह प्रदर्शन शुरू हो गए। पुलिस को प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। योगी करीब दो घंटे धरने पर बैठे रहे। मामला बिगड़ता देख जिलाधिकारी ने योगी को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया। योगी के करीबीयों के मुताबिक उन्हें गोरखधाम एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

इस बीच आदित्यनाथ ने कहा कि प्रशासन का यह रवैया काफी दुखद है। किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने से पहले ही मुझे रोक दिया जा रहा है। बस्ती जिला प्रशासन ने रैली में शामिल होने की इजाजत दी थी। अचानक अब कौन-सी ऐसी स्थिति आ गई कि सुबह से ही मुझे वहां जाने से रोका जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अयोध्या में विहिप की 84 कोसी परिक्रमा के चलते प्रशासन ने इस रैली पर रोक लगा रखी है। दुबौला अयोध्या के काफी नजदीक होने की वजह से प्रशासन पहले से ही सतर्क था।












Click it and Unblock the Notifications