अब रात में बंद नहीं होगें पेट्रोल पंप और नहीं बढ़ेंगे दाम
नई दिल्ली। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री एम वीरप्पा मोइली ने सोमवार को कहा कि रात में पेट्रोल पंप बंद करने की कोई योजना नहीं है। मोइली ने यह बयान इन खबरों के आलोक में दिया, जिसमें पेट्रोलियम की मांग घटाने के लिए रात में पेट्रोल पंप बंद रखने की योजना के बारे में बताया गया था। मोइली ने कहा कि हमने कोई फैसला नहीं लिया है।
मालूम हो कि मोइली ने रविवार को कहा था कि कुछ लोगों के समूहों ने रात आठ बजे के बाद पेट्रोल पंप बंद रखने का सुझाव दिया था। मोइली ने कहा कि यह हमारी सोच नहीं थी। यह राय साधारण तथा अन्य लोगों ने दी थी। मंत्रालय से जारी एक अलग बयान में कहा गया कि सरकार दिन की खास अवधि में ही पेट्रोलियम उत्पादों के रिटेल आउटलेटों पर बेचे जाने की किसी योजना पर विचार नहीं कर रही है।

सोमवार को संसद में भी पेट्रोल पंप बंद करने का मुद्दा उठा और राज्यसभा की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित कर दी गई। वीरप्पा मोइली के पहले के बयान पर समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री ने बहुत हल्की बात कही है कि लोग चाहें तो रात 8 बजे से पहले ही टंकी भरवा लेंगे। इस प्रस्ताव की सोशल नेटवर्किंग साईट ट्वीटर पर भी कड़ी आलोचना हुई. कई दिग्गजों ने पेट्रोलियम मंत्रालय के इस प्रस्ताव को आड़े हाथों लिया। किरण बेदी ने ट्वीट किया किया कि पीएम और मोइली को सबसे पहले खुद से शुरुआत करनी चाहिए और अपने खर्चे कम करने चाहिए जैसा कि शास्त्री जी ने किया था।












Click it and Unblock the Notifications