भटकल और टुंडा की गिरफ्तारी हमारी कूटनीतिक कामयाबी: सलमान
लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने आतंकवादी अब्दुल करीम टुंडा और यासीन भटकल की गिरफ्तारी को सरकार की कूटनीतिक कामयाबी करार दिया है। बुलंदशहर में रविवार को कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे खुर्शीद ने कहा कि कोई वजह होगी। हमारी कूटनीति की कामयाबी होगी जो हम इन्हें (टुंडा, भटकल) लेकर आए।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पर निशाना साधते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि वाजपेयी तो पाकिस्तान तक जाकर भी नहीं ला पाए। हम तो घर बैठे उनको (टुंडा, भटकल) ले आए। खुर्शीद ने इन आतंकियों की गिरफ्तारियों को केंद्र सरकार की कूटनीतिक कामयाबी बताया और बिना किसी का जिक्र किए कहा कि किसी ने हमारा सहयोग किया है।
हमारी बात को समझकर इन आतंकियों को पकड़वाने में मदद की है। इन आतंकियों की गिरफ्तारी देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। गौरतलब है कि देश में हुए कई विस्फोटों के आरोपी आतंकी टुंडा और भटकल को बीते अगस्त महीने में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया गया है।
भटकल के सहयोगी की तलाश में बिहार में दबिश
बिहार के पूर्वी चंपारण के रक्सौल से इंडियन मुजाहिदीन के सह-संस्थापक यासीन भटकल की गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) बिहार के सीमांचल इलाके में भटकल के सहयोगी के तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एनआईए की एक टीम ने सोमवार को समस्तीपुर के मोहम्मद तहसीम उर्फ सोनू की खोज में मनियारी गांव में छापा मारा है।
सोनू तो एनआईए के हाथ नहीं लगा परंतु उसके परिजनों से एनआईए की टीम लगातार पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार सोनू के पिता वसरम अख्तर को एनआईए की टीम कल्याणपुर थाना लाई जहां कई घंटे उससे पूछताछ की गई। एनआईए के सूत्रों का दावा है कि सोनू के कई आतंकवादी वारदातों में हाथ है और वह भटकल का सहयोगी है। समस्तीपुर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनआईए की टीम सोनू की खोज में इसके पहले भी समस्तीपुर आ चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications