अस्पताल में भर्ती कराए गए जगन, भूख हड़ताल जारी
हैदराबाद। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई.एस.जगनमोहन रेड्डी की अस्पताल में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी है। उनकी हालत बिगड़ने पर चंचलगुड़ा जेल प्रशासन ने उन्हें गुरुवार देर रात यहां भर्ती कराया। उस्मानिया जनरल हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने कहा कि जगन ने नसों के जरिए तरल पदार्थ लेने से इंकार कर दिया है। उनके परीक्षण में ग्लूकोज का स्तर कम पाए जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें तरल पदार्थ लेने की सलाह दी थी।
कडप्पा से सांसद जगन आंध्र प्रदेश के विभाजन के विरोध में पिछले छह दिन से भूख हड़ताल पर हैं। जेल में रविवार को भूख हड़ताल शुरू करने वाले जगन को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर जमा हो गए और इसमें घुसने की कोशिश कर रहे जगन के समर्थकों पर लाठीचार्ज भी किया।

लाल टी-शर्ट और काले पैंट में मौजूद जगन कमजोर लग रहे थे। पुलिस वाहन से उतरने के बाद उन्हें व्हील चेयर दिया गया लेकिन वह पैदल ही अंदर गए। जगन की मां वाई.एस.विजयम्मा, पत्नी भारती और परिवार के अन्य सदस्य उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। विजयम्मा ने उन्हें एनआईएमएस अस्पताल स्थानांतरित किए जाने की मांग की।
उस्मानिया हॉस्पिटल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। मरीजों और जिनके पास वैध प्रमाणपत्र मौजूद हैं, सिर्फ उन्हें ही अंदर दाखिल होने दिया जा रहा है। अवैध संपत्ति मामले में जगन पिछले साल के मई महीने से ही जेल में बंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications