भारत का रूपया मृत्यु शय्या पर है: नरेंद्र मोदी
राजकोट। डॉलर के मुकाबले रूपये के कमजोर होने के मसले पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूपीए सरकार को जमकर कोसा। उन्होने कहा कि भारतीय रूपया और मनमोहन सिंह दोनों ने अपनी आवाज खो दी है। मोदी ने रूपये की हालत पर कहा कि आज रूपया अपनी मृत्यु शय्या पर है और अंतिम सांसे गिन रहा है। इसे एक डॉक्टर की जरूरत है। यूपीए को निशाने पर लेते हुए उन्होने कहा कि जब यूपीए सत्ता में आई थी तो 100 दिनों में मुद्रास्फीति कम करने का वादा किया गया था पर अब तो उसका उल्टा हो रहा है। वर्तमान स्थिति देखकर तो यही कहा जा सकता है कि इस समय भारतीय रूपया और यूपीए सरकार दोनों ने ही अपना महत्व खो दिया है। यह ध्यान देने योग्य है कि डॉलर के मुकाबले रूपये की कीमत 65.56 रूपये हो गयी है।
मोदी सौराष्ट्र के एक समारोह में बोल रहे थे जिसमें उन्होने उन दिनों को याद किया जब रूपया डॉलर के मुकाबले बेहतर स्थिति में था। मोदी के अनुसार रूपये ने आज अपनी आवाज खो दी है और हम प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आवाज भी नहीं सुन पा रहे हैं।

इसके पहले भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भाषण की निंदा की थी जिसमें उन्होने रूपये का कमजोर होना, पाकिस्तान और चीन के साथ सीमा विवाद जैसे मुद्दे उठाये थे।
केंद्र सरकार पर मोदी ने आरोप लगाया है कि यूपीए के नेतृत्व में देश तबाही की ओर बढ़ रहा है। सरकार लोगों से जरूरी मुद्दों को छिपाकर और गलत व्याख्या कर गुमराह कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications