'राम' के लिये अखिलेश के दरबार में पहुंचा विश्व हिंदू परिषद
लखनऊ। विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक अशोक सिंघल ने अयोध्या में आयोजित होने वाली 84 कोसी परिक्रमा को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की और इस धार्मिक यात्रा के दौरान उनसे सहयोग मांगा। सिंघल ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा। सिंघल ने शनिवार पूर्वाह्न् करीब 11 बजे मुख्यमंत्री से उनके आवास चार कालीदास मार्ग पर मुलाकात की।
ज्ञापन के माध्यम से सिंघल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि यह हिन्दुओं से जुड़ी एक पारंम्परिक यात्रा है, इसलिए इसे बिना किसी बाधा के चलने देना चाहिए। सिंघल ने अपने ज्ञापन में यह भी कहा है कि 84 कोसी की परिक्रमा किसी तरह का राजनीतिक आयोजन नहीं है, इसलिए यह सबके सहयोग से निकलनी चाहिए।

सिंघल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि सरकार इस धार्मिक यात्रा को सुरक्षा प्रदान करे और इसमें बाधा उत्पन्न करने वालों पर कड़ी नजर रखे, ताकि यह यात्रा बिना किसी बाधा के पूरी हो सके। उल्लेखनीय है कि विहिप के नेतृत्व में रामजन्मभूमि न्यास की ओर से 84 कोसी परिक्रमा का आयोजन किया गया है, जिसमें देशभर के संतों का आगमन होगा। यह धार्मिक यात्रा अयोध्या और उसके आसपास के सात जिलों से होकर गुजरेगी।












Click it and Unblock the Notifications