केरल: सोलर घोटाले की न्यायिक जांच, सचिवालय का घेराव खत्म
तिरूवनंतपुरम। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार ने मंगलवार को सोलर घोटाले की न्यायिक जांच की घोषणा की और इसके बाद वामदलों ने राज्य सचिवालय का घेराव समाप्त कर दिया। युनाइटेड डेमोक्रेटिक फंट्र (यूडीएफ) की मुख्यमंत्री ओमन चांडी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक के बाद घोषणा की गई कि केरल उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश से सोलर घोटाले की जांच कराई जाएगी।
चांडी ने कहा कि हमने एक वर्तमान न्यायाधीश से जांच कराने का फैसला किया है। जांच की शर्तो पर चर्चा के लिए हमने वामदलों को आमंत्रित किया है। उल्लेखनीय है कि सोलर घोटाले से चांडी का संबंध होने आरोप के साथ वाम मोर्चे ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य सचिवालय का सोमवार से ही घेराव किया था। सचिवालय के तीनों प्रवेश द्वारों पर वाम समर्थकों के डटे होने के बावजूद सोमवार को सचिवालय में 67 प्रतिशत उपस्थिति थी।

प्रदर्शनकारियों से संघर्ष से बचने के लिए सरकार ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के मद्देनजर सचिवालय में दो दिनों की छुट्टी कर दी। माकपा राज्य सचिव पिनारयी विजयन ने कहा कि केरल सरकार ने हमारी मांग के एक हिस्से को स्वीकार कर लिया है। लेकिन हम चाहते हैं कि चांडी इस्तीफ दें क्योंकि परंपरा रही है कि जब एक न्यायिक जांच शुरू होती है तो मुख्यमंत्री इस्तीफा देते हैं। जब तक ऐसा नहीं होगा हम सभी कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे। लेकिन हम सचिवालय का घेराव खत्म कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications