ईद की नमाज अद़ा करने के बाद हाफिज सईद ने दी दिल्ली को तबाह करने की धमकी
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। मुंबई आतंकी हमलों (26/11) का मास्टर माइंड, भारत का सबसे बड़ा गुनाहगार, जमात-उद-दावा के सरगना और मोस्टवांटेड आतंकवादी हाफिज सईद ने ईद की नमाज अदा करने के बाद भारत की राजधानी दिल्ली को तबाह करने की धमकी दी है। हाफिज सईद ने लाहौर में हजारों लोगों के साथ ईद की नमाज अदा की और फिर एक रैली में भारत के खिलाफ आग उगलते हुए वर्ष 2000 में दिल्ली के लालकिले पर किये गये आतंकी हमले की तर्ज पर हमले की धमकी दी।
इस बात की जानकारी आईबी ने दी है और पूरे दिल्ली में अलर्ट जारी कर दिया गया है। आईबी ने हाफिज सईद की इस धमकी के बाद दिल्ली पुलिस को चिट्ठी लिखकर जानकारी दी और सुरक्षा व्यवस्था चौकस करने के भी निर्देश दिये। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले हाफिज सईद की इस धमकी को दिल्ली पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। अमेरिका के वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक हाफिज ने ही नमाजियों का नेतृत्व किया। इसे लेकर लाहौर में जगह-जगह हाफिज के पोस्टर भी लगाए गए थे।

उल्लेखनीय है कि हाफिज सईद पर अमेरिका ने 10 मिलियन डॉलर का ईनाम घोषित कर रखा है। अमेरिका का कहना है कि वो हाफिज से जुड़ी सूचनाओं पर लगातार नजर रखे हुए है जो उसे कानून के शिकंज में ले सके। 26/11 मुंबई हमले को लेकर भारत में मोस्ट वांटेड और लश्कर ए तोएबा का संस्थापक सईद ने इस साल की शुरुआत में कहा था कि वो पाकिस्तन में एक आम नागरिक की हैसियत से कहीं भी जाने को आजाद है। न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में हाफिज ने कहा था कि वो कहीं भी जाने को आजाद है और उसकी किस्मत अमेरिका नहीं बल्कि खुदा के हाथ में है।


Click it and Unblock the Notifications
