ईद के दिन सांप्रदायिक दंगे के बाद किश्तवाड़ में कर्फ्यू
किश्तवाड़ा। जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ कस्बे में शुक्रवार को ईद-उल-फितर के दिन करीब 500 ग्रामीणों ने आजादी के समर्थन में नारेबाजी की, जिसके कारण दो समुदायों में संघर्ष शुरू हो गया। स्थिति की नजाकत को देखते हुए प्रशासन ने कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया है। कस्बे में सेना को तैनात कर दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि हुलार, बांदना, पुनू और भाटा गांवों के करीब 500 ग्रामीणों ने किश्तवाड़ कस्बे में एक प्रदर्शन किया और आजादी के समर्थन में नारेबाजी की।
किश्तवाड़ राज्य की शीतकालीन राजधानी जम्मू से करीब 220 किलोमीटर दूर है। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद दो समुदायों के बीच कुलिद चौक पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। अधिकारी ने बताया कि झड़प की खबर ईदगाह मैदान पर पहुंची, जहां लोग ईद-उल-फितर की नमाज के लिए जुटे थे। इनमें से भी कई ने हिंसा में हिस्सेदारी की। भीड़ ने चार दुकानों, एक ट्रक और एक स्कूटर को आग लगा दी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर तथा लाठीचार्ज कर हालात पर काबू पाया तथा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में गोलियां भी चलाईं।



Click it and Unblock the Notifications
