हंगामे के बाद एंटनी ने बदला बयान, कहा पाक सैनिकों ने की जवानों की हत्या
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री एके एंटनी ने गुरुवार को संसद में कहा कि दो दिन पहले जम्मू एवं कश्मीर में हमले और पांच भारतीय सैनिकों की हत्या में पाकिस्तान के विशेष सैनिक शामिल थे। एंटनी ने कहा कि सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह द्वारा मौके का जायजा लेने के बाद स्पष्ट हो गया कि हमला पाकिस्तान के सैनिकों ने किया है।
एंटनी ने अपने बयान में कहा कि सेनाध्यक्ष ने इलाके का भ्रमण किया और अब यह साफ है कि जब एक समूह ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की सीमा पार करके हमला किया तो उसमें पाकिस्तान के विशेष सैनिक शामिल थे। एंटनी ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की सेना के समर्थन, सहयोग और सीधे शामिल हुए बगैर कुछ भी नहीं हो सकता है।

एंटनी ने कहा कि पाकिस्तान न केवल इस हमले के वरन इस वर्ष के शुरू में हुए एक अन्य हमले के दोषियों को भी दंडित करे। उस समय हुए हमले के दौरान एक भारतीय जवान का सिर काट लिया गया था और दूसरे के शव को क्षत-विक्षत किया गया था।
उन्होंने कहा कि जो भी इस त्रासदी के लिए और वर्ष के शुरू में हमारे दो सैनिकों की क्रूर हत्या के लिए जिम्मेदार हैं, बिना दंड के छूटने नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं का दोनों देशों के संबंधों पर असर पड़ेगा। एंटनी ने कहा कि निश्चय ही इस घटना का नियंत्रण रेखा पर हमारे व्यवहार पर असर होगा और पाकिस्तान के साथ संबंध प्रभावित होंगे।












Click it and Unblock the Notifications