'नई सोच नई उम्मीद' के साथ मोदी बने भाजपा के पोस्टर ब्वाय
नई दिल्ली। आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने साफ कर दिया है कि चुनाव गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही लड़े जायेंगे। खबरों के मुताबिक भाजपा ने मोदी की लोकप्रियता और शख्सियत को भुनाने के लिए एक पोस्टर तैयार किया है, जिसमें बायीं तरफ नरेंद्र मोदी का चित्र होगा वहीं दायीं तरफ पार्टी का चुनाव चिंह कमल है, जिसके बीच में नारा होगा ' नई सोच नई उम्मीद'। पोस्टर के स्वरूप से स्पष्ट हो गया है कि भले ही भाजपा ने अभी घोषणा न की हो पर पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ही होंगे।
बताया जा रहा है कि मोदी की इस तस्वीर के साथ छपे नारे को देश के घर घर तक पहुंचाने की कोशिश की जायेगी। भाजपा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि हमारा उद्देश्य कांग्रेस के कुशासन से देश को मुक्त करवाना और एक मजबूत नेतृत्व देश को देना है। पोस्टर से यह भी स्पष्ट हो गया है कि लोकसभा चुनाव की तैयारी मोदी के इर्द गिर्द ही होगी।

इसके अलावा आरएसएस और भाजपा की बैठकों में इस बात की सहमति बनती दिखाई दे रही है। जिसके बाद पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज और अरूण जेटली पार्टी के प्रचार में जुट जायेंगे। संघ से समर्थन मिलने के बाद अब मोदी के नाम को भुनाने की तैयारी पार्टी ने शुरू कर दी है।
वैसे भी भाजपा कांग्रेस विरोधी माहौल को किसी भी तरह से भुनाना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications