बिहार में फिर मिड डे मील खाकर 18 बच्चों की तबिगत बिगड़ी
पटना। बिहार के नालंदा जिले के दो विद्यालयों में बुधवार को मध्याह्न् भोजन खाने से एक शिक्षिका और 18 बच्चों की तबियत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति बेहतर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मध्य विद्यालय, चांडी और प्राथमिक विद्यालय, तरारी में दोपहर में मध्याह्न् भोजन खाने के बाद कुछ बच्चों ने पेट में दर्द की शिकायत की।
इसके बाद तत्काल इन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। चांडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि सभी 18 बच्चों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जहां उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि संभवत: यह मामला फूड प्वाजनिंग का है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी विद्यालयों में पहुंच गए हैं तथा मामले की जांच कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य में विद्यालयों के हैंडपंपों में कथित रूप से जहरीला पदार्थ डालने से बच्चों की तबियत बिगड़ने की घटना लगातार घटी है। उल्लेखनीय है कि बिहार के सारण जिले के एक सरकारी विद्यालय में मिड डे मील के बाद 23 बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि 80 से ज्यादा छात्र बीमार हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications