मोदी की बगावत से 'शत्रु' को मिला कांग्रेस में शामिल होने का न्यौता
पटना। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द मोदी के नाम पर बीजेपी से बगावत करने वाले भाजपा के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के लिए कई राजनीतिक पार्टियों के दरवाजे खुलते जा रहे है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारिफ करने के बाद जहां उनकी खुद की पार्टी बीजेपी ने उन्हें संभलकर बोलने की नसीहत दी तो वहीं जेडीयू ने उनके लिए अपने दरवाजे खोल दिए है। बीजेपी में शत्रुघ्न सिन्हा की बढ़ती बगावत के बाद बीजेपी के घुर विरोधी कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा को पार्टी में आने का खुला निमंत्रण दिया है।
गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा हाल ही में कई मौकों पर पार्टी विरोधी सुर अलाप कर पार्टी नेतृत्व को सकते में डाल चुके हैं। कांग्रेस की बिहार इकाई के प्रवक्ता प्रेमचंद्र मिश्रा ने पटना में पत्रकारों से कहा कि भाजपा शुरू से ही समाज तोड़ने और समाज में विद्वेष फैलाने की राजनीति करने में माहिर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा के सत्ता से हटते ही कई तरह की गड़बडियां शुरू हो गई हैं। उन्होंने सरकार से भाजपा नेताओं की भूमिका की जांच कराने की मांग की।

मिश्रा ने शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में आने संबंधी सवाल के जबाब में कहा कि किसी भी धर्मनिरपेक्ष व्यक्ति का कांग्रेस में स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिन्हा भी गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे लोगों का विरोध कर भाजपा छोड़ते हैं और कांग्रेस में आते हैं तो पार्टी उनका स्वागत करेगी।
इससे पहले जेडीयू के जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता संजय सिंह ने भी सिन्हा को पार्टी में आने का खुला निमंत्रण दिया था। उन्होंने कहा था कि सिन्हा के लिए उनकी पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हैं। हम उनका स्वागत करेंगे।
दरअसल पिछले दिनों सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री के सर्वथा योग्य बताते हुए उनकी तारीफ की थी। इसके अलावे उन्होंने मोदी के लिए दिल्ली दूर बताया था। मोदी के खिलाफ उनकी बगावत को देखते हुए भाजपा के सीनियर नेताओं ने उन्हें सोच-समझकर बोलने की नसीहत दी। मोदी की खिलाफत जहां शत्रुघ्न सिन्हा को भाजपा से दूर कर रही है तो हीं उन्हें अपने पाले में करने के लिए दूसरी पार्टियां पासा फेंकने को तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications