मुलायम सिंह जी दुर्गा शक्ति ही क्यों हुई सस्पेंड?
[अजय मोहन] लो अब समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने भी बेटे अखिलेश के फैसले पर अंतिम मुहर लगा दी। उन्होंने खुलकर कहा कि दुर्गा शक्ति नागपाल को उनकी करनी की सजा मिली है। उनकी वजह से राज्य में सांप्रदायिक दंगे भड़क सकते थे, इसलिये उनका सस्पेंड किया जाना बिलकुल सही है। चलिये मुलायम जी हम आपकी बात मान लेते हैं। आपने कहा दंगे हो जाते, इसलिये सस्पेंशन जरूरी था, लेकिन उस शहर का क्या, जहां सांप्रदायिक दंगे हुए हैं और स्थिति आज भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
जी हां हम लखनऊ की बात कर रहे हैं। आईएएस दुर्गा के सस्पेंशन के पीछे सबसे बड़ा कारण जब सांप्रदायिक तनाव की आशंका बताया गया था, तो आखिरकार अब तक लखनऊ के जिलाधिकारी अनुराग यादव कैसे अपने पद पर बरकरार हैं? आखिर उन्हें सस्पेंड क्यों नहीं किया गया? जबकि वो रमजान के दौरान लखनऊ की स्थिति को नियंत्रित करने में ज्यादा तत्पर साबित नहीं हुए। चलिये ठीक है, आप सस्पेंड न करते, लेकिन जिम्मेदार डीएम से क्या जवाब तलब किया गया, इस बात की जानकारी का खुलासा तो जनता के सामने कर ही सकते हैं। चूंकि अनुराग यादव सपा के वरिष्ठ नेता अंबिका चौधरी के रिश्तेदार हैं, कहीं इसीलिये तो नहीं वो अबतक बचते आ रहे हैं।

मुलायम के गर्जने का एक और कारण
वैसे मुलायम सिंह यादव के गर्जने का एक दूसरा कारण सोनिया गांधी की वो चिठ्ठी है, जिसमें उन्होंने दुर्गा के निलंबन को वापस लेने की बात कही है। असल में मुलायम सिंह कभी नहीं चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी का कोई भी सदस्य यूपी सरकार के कामकाज में दखल दे। यही कारण है कि उन्होंने सीधे तौर पर धमकी दे डाली कि अगर सोनिया गांधी का हस्तक्षेप जारी रहा, तो वह संसद में आने वाले खाद्य सुरक्षा विधेयक पर वोट नहीं करेंगे। अगर ऐसा हुआ, तो बड़े ही शर्म की बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications