तेलंगाना पर अहम बैठक, हो सकता है औपचारिक ऐलान
नयी दिल्ली। यूपीए सरकार अलग तेलंगाना राज्य बनाने को लेकर आज औपचारिक ऐलान कर सकती है। इस मुद्दे पर यूपीए की समन्वय समिति की अहम बैठक होगी। जिसमें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी शामिल होगी। माना जा रहा है कि बैठक में अलग तेलंगाना राज्य बनाने पर मुहर लगाई जा सकती है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक तेलंगाना राज्य का गठन 2014 के आरंभ में किया जाएगा। इस बैठक के बाद अलग तेलंगाना राज्य की घोषणा की जा सकती है। शाम 4 बजे यूपीए समन्वय समिति की बैठक होगी और साढ़े पांच बजे कांग्रेस कार्य समिति की।

तेलंगाना के मौजूदा प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस और टीआरएस की नाराजगी को लेकर कल कांग्रेस की समन्वय समीति में विचार किया जा सकता है। गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश से कांग्रेस पार्टी के तमाम नेताओं ने केंद्रीय नेताओं के इस फैसले पर अपना विरोध दर्ज कराया है। इन नेताओं ने राज्य के बंटवारे पर नाराजगी जाहिर की है।
दरअसल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के साथ तमाम नेताओं ने इस मुद्दे पर चर्चा कर अंतिम निर्णय ले लिया था। जिसमें इन्होंने तेलंगाना को अलग राज्य बनाने के मुद्दे पर सहमति जता दी थी। वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने पार्टी प्रमुख के फैसले पर असहमति जताते हुए कहा कि वो इस फैसले का समर्थन नहीं कर सकते क्योंकि इससे राज्य के दोनों हिस्सों में राजनैतिक तनाव व्याप्त हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications