मोदी ने पार्टी को 'हाइजैक' कर लिया है: अमरनाथ गामी
पटना। बिहार के भाजपा विधायक को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है। गामी ने आरोप लगाया है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भाजपा को हाइजैक कर लिया है वह जो चाहते हैं, वही होता है। वह नहीं चाहते हैं कि पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता आगे बढ़े, उनकी इसी सोंच के कारण मैं उनके खिलाफ हूं।
अब भाजपा ने अपने विधायक की बगावत का ठीकरा जदयू पर फोड़ा है। जिससे कि दोनों पार्टियां आमने सामने आ गयी हैं। गामी को निलंबित किये जाने पर बिहार भाजपा के प्रवक्ता विनोद नारायण झा ने कहा है कि पार्टी में रहकर पार्टी का विरोध करने के कारण ही उन्हें निलंबित किया गया है। गामी के निलंबन के बाद भी पार्टी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। एक अन्य विधायक राणा गंगेश्वर सिंह ने भी विवादास्पद बयान दिया है। उन्होने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही पीएम पद के योग्य बता दिया है, साथ ही गामी का भी समर्थन किया है और उनके निलंबन को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

मौके का फायदा उठाते हुए जद (यू) के प्रवक्ता शिवानंद तिवारी ने भी भाजपा पर निशाना साधा है और कहा है कि सच तो यह है कि बिहार में भाजपा पहले ही कुछ नहीं थी, भाजपा, जद(यू) के कारण ही सत्ता में रही है। उन्होने यह भी कहा कि भाजपा में कई विधायक ऐसे हैं जिनमें पार्टी नेतृत्व को लेकर असंतोष है, ऐसे में आगे देखिए, क्या क्या होता है?
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मामले को संज्ञान में लेते हुए इसको सुलझा लेने की उम्मीद जताई हैं।












Click it and Unblock the Notifications