पी सदाशिवम बने नए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया
नयी दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के नए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया ने शपथ ले ली है। पी सदाशिवम सुप्रीम कोर्ट के नए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बन गए। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश पी सदाशिवम ने आज चीफ जस्टिस पद की शपथ ली। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में न्यायमूर्ति सदाशिवम को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली, भारतीय जनता पार्टी के नेता लाल कृष्ण आडवाणी और अन्य कैबिनेट मंत्री उपस्थित थे। चीफ जस्टिस सदाशिवम सुप्रीम कोर्ट के 40वें मुख्य न्यायाधीश हैं।

9 महीने का अपना कार्यकाल खत्म करने के बाद न्यायमूर्ति अल्तमश कबीर कल रिटायर हो गए। उनकी जगह पर सदाशिवम चीफ जस्टिस नियुक्त किए गए है। 64 साल के न्यायमूर्ति सदाशिवम का कार्यकाल लगभग नौ महीने का होगा। वह 26 अप्रैल 2014 को रिटायर हो जाएंगे। जस्टिस सदाशिवम जनवरी 1996 में मद्रास हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश बने। अप्रैल 2007 में उनका तबादला पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में हो गया। उन्हें 21 अगस्त 2007 को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाया गया।
जस्टिस सदाशिवम तमिलनाडु के पहले ऐसे न्यायाधीश हैं जिन्होंने देश के मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभाला है। वह अगस्त 2007 में पदोन्नति के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में सतशिवम द्वारा सर्वाधिक चर्चित और महत्वपूर्ण निर्णयों में मुंबई बम कांड के निर्णय और प्राकृतिक गैस के बंटवारे को लेकर अंबानी बंधुओं के बीच विवाद के निर्णय प्रमुख हैं।












Click it and Unblock the Notifications