जो बच्चे स्कूल नहीं जायेंगे इंटरनेट पर अपलोड होगी उनकी फोटो
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। बाल अधिकारों के लिए काम करने वाले एक गैर सरकारी संगठन ने देश में शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को सामने लाने के लिए एक अनूठी पहल की है। संगठन ने लोगों से स्कूल न जाने वाले बच्चों की तस्वीर इंटरनेट पर अपलोड करने का आह्वान किया है। गैर सरकारी संगठन 'क्राई' तथा एचसीएलटी फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से यहां मंगलवार को एक जागरूकता अभियान, 'क्लिक राइट्स' की शुरुआत की। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य बाल शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को चित्रों के माध्यम से देश के सामने लाना है।
गैर सरकारी संगठन के अनुसार, देश भर में 81,50,618 बच्चों की शिक्षा बाधित है। संगठन ने बताया कि चित्रों को डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट क्राई डॉट ऑर्ग/फोकसऑनदचाइल्ड पर अपलोड किया जा सकता है। क्राई की क्षेत्रीय निदेशक (उत्तर) सोहा मोइत्रा ने कहा, "यह हमारा अग्रणी कदम है जिसका उद्देश्य चित्रों के माध्यम से जनजागरूकता लाना है।

इस वर्ष हमारा उद्देश्य उन कारणों को सामने लाना है जिसके कारण शिक्षा का अधिकार कानून (आरटीई) के लागू होने के तीन वर्ष बाद भी बच्चे स्कूल जाने से वंचित हैं।" आम नागरिकों की हिस्सेदारी वाले इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत 23 जुलाई को प्रख्यात फोटोग्राफर रघु राय के सान्निध्य में एक समारोह आयोजित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications