अरे ये क्या! बेनी बाबू ने मुलायम सिंह को बड़ा भाई कहा
लखनऊ। मौका मिलते ही सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव पर तगड़ा प्रहार करने वाले केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा अचानक नरम पड़ गये। कभी मुलायम सिंह को आतंकवादी तो कभी उन्हें प्रधानमंत्री के घर पोछा लगाने वाला कहने वाले बेनी बाबू ने इस बार उन्हें अपना बड़ा भाई कहा है। मिर्जापुर में सेल की प्रोसेसिंग यूनिट की आधारशिला रखने आए बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा, ‘मुलायम सिंह यादव मेरे बड़े भाई की तरह हैं।' उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में कहा कि अभी घोषणा हो या नहीं, लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद राहुल ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा कि देश का भविष्य राहुल जैसे नेताओं के हाथ में ही सुरक्षित है। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को बेनी प्रसाद वर्मा ने वोटों का सौदागर बताया और कहा कि मोदी का संबंध उन लोगों से हैं जिन पर अल्पसंख्यकों पर जुल्म ढाने का आरोप लगा है। उन्होंने कहा कि मोदी की दृष्टि संकुचित है।

अभी कुछ दिनों पहले ही मुलायम सिंह यादव के लिये बेनी प्रसाद वर्मा के तरफ से मीठे बोल निकले थे और उन्होंने मुलायम को अपना पुराना दोस्त बताया था। बेनी प्रसाद वर्मा ने तो यहां तक कह डाला था कि यदि मुलायम सिंह यादव प्रधानमंत्री बनते हैं तो उन्हें सबसे पहले माला मैं पहनाऊंगा।












Click it and Unblock the Notifications