सीबीआई की स्वायत्तता के नाम पर खिलवाड़ कर रही है सरकार: अरूण जेटली
नई दिल्ली। राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली ने कहा है कि संप्रग सरकार सपा और बसपा के खिलाफ सीबीआई का दुरूपयोग कर अपने अस्तित्व को बचाती रही है और एजेंसी को स्वायत्तता देने के नाम पर जीओएम (ग्रुप आफ मिनिस्टर्स) की नीतियां 'वर्तमान समस्या का और भी खराब समाधान' हैं। उन्होने कहा कि सरकार वर्तमान राजनीतिक कार्यपालिका के स्थान पर उसकी ओर से काम करने वाले एक अन्य पैनल को लाकर सिर्फ 'छलावा' ही कर रही है।
गौरतलब है कि कोयला घोटाले में आयी सीबीआई की रिपोर्ट के साथ छेड़खानी किये जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि सीबीआई को किसी भी राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त किया जाना चाहिए। कोयला घोटाले में रिपोर्ट से की गई छेड़खानी को लेकर विपक्ष ने संसद नहीं चलने दी, जिसके बाद कानून मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

अरूण जेटली ने सरकार पर यह भी आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं पर सरकार ने सीबीआई द्वारा आरोप तय किये हैं, जिससे हम इस बात से इनकार नहीं कर सकते हैं कि सरकार एजेंसी का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications