मतभेदों के बाद मोदी और आडवाणी होंगे आमने-सामने
अहमदाबाद। भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख बनाए जाने के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचनाओं का दौर शुरु हो गया था। पार्टी के अंदर ही उनके लिए मतभेद शुरु हो गए थे। इस पद को लेकर मतभेद इतना बढ़ा की बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने नाराज होकर अपने सभी पदों से इस्तीफा तक दे दिया था, लेकिन बाद में संघ प्रमुख के समझाने-बुझाने पर उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया।
इन तमाम मतभेदों के बाद पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी एक साथ होंगे। आडवाणी और मोदी भाजपा की पूर्व सांसद भावनाबेन चीखलिया की शोकसभा में शामिल होंगे। यहां उनके साथ बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी मौजूद होंगे।

पूर्व मंत्री व सांसद डॉ. भावनाबेन चीखलिया का हर्ट अटैक के चलते निधन हो गया था। उनकी शोकसभा जूनागढ़ स्वामी नारायण मंदिर के सभागार में रखी गई है, जहां आडवाणी, राजनाथ और मोदी एकसाथ होंगे। माना जा रहा है कि आडवाणी और राजनाथ सिंह सीधे जूनागढ़ पहुंचेंगे, जबकि मोदी हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि मोदी के नाम पर मची किरकिरी के बाद बीजेपी की चारों ओर काफी आलोचानएं हुई थी, लेकिन अब बीजेपी इन सब को छोड़कर आगे बढ़ना चाहती है। इसके लिए वो मोदी और आडवाणी को साथ लाकर ये दिखाना चाहती है कि पार्टी के अंदर कोई अंतकर्लंह नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications