मोदी चाहें तो उत्तराखंड जा सकते हैं: सुशील कुमार शिंदे
नई दिल्ली। राहुल गांधी और अन्य नेताओं को लेकर दोहरा रवैया अपनाने के आरोपों का सामना कर रहे गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने अब कहा है कि कोई भी उत्तराखंड जाने के लिए स्वतंत्र हैं। पहले राहत कार्यों में कोई बाधा न आये इसलिए हमने वहां किसी को भी जाने से मना किया था।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में आपदा आने के आठ दिनों बाद राहुल गांधी आपदाग्रस्त क्षेत्रों के सर्वेक्षण के लिए गये थे जबकि इसके पहले गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी जब वहां गये थे तो उनके हेलीकॉप्टर को लैंड करने की इजाजत नही दी गई थी। राहुल के दौरे के बाद कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने के आरोप लग रहे हैं।

भाजपा ने भी गृहमंत्री पर राहुल और मोदी को लेकर दोहरा रवैया अपनाने के आरोप लगाये है। हालांकि कांग्रेस ने राहुल का बचाव करते हुए कहा है कि राहुल एक राजनेता की नहीं बल्कि आमआदमी की हैसियत से वहां गये थे।
राहुल के दौरे के बाद ही भाजपा ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाकर हमले बोलना शुरू कर दिया। गृहमंत्री ने पिछले दिनों मोदी के हेलीकॉप्टर को लैंड करने की इजाजत न देने के बाद मीडिया में बयान दिया था कि जब वहां मैं (गृहमंत्री) नहीं जा सकता तो कोई नहीं जा सकता। लेकिन राहुल को वहां जाने से कोई नहीं रोंक सका।
मोदी के उत्तराखंड जाने पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा था कि मोदी का उत्तराखंड दौरा 'आपदा टूरिज्म' है।












Click it and Unblock the Notifications