आज विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे नीतीश कुमार
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (युनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे। इससे एक दिन पहले मंगलवार को उन्होंने अपने कार्यालय में सामान्य कामकाज किया।
नीतीश मंगलवार को सहज रूप से अपने कार्यालय पहुंचे, कामकाज किया। 243 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत साबित करने को लेकर उन पर चिंता की कोई लकीर नहीं देखी गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से 17 साल पुराना गठबंधन टूटने के तुरंत बाद नीतीश ने घोषणा की थी कि विधानसभा के विशेष सत्र में वह बुधवार को बहुमत साबित करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, "मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने कार्यालय में सामान्य रूप से कामकाज किया।"
राज्य में सत्तारूढ़ जद(यू)-भाजपा गठबंधन रविवार को टूट गया और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संयोजक पद से जद(यू) अध्यक्ष शरद यादव ने इस्तीफा दे दिया।
उधर, गठबंधन से अलग होने और बुधवार को बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में विश्वास मत हासिल करने के पूर्व सोमवार को पटना में हुई जद (यू) की बैठक में चार निर्दलीय विधयकों के भाग लेने के बाद यह साफ हो गया है कि इन चारों विधायकों का नीतीश को समर्थन मिलना तय है।
जद (यू) के एक नेता ने बताया कि निर्दलीय विधायक विनय बिहारी, पवन कुमार जायसवाल, दुलालचंद्र गोस्वामी और सोम प्रकाश सिंह बैठक में शामिल हुए।
सत्ता से बाहर हुई भाजपा अपने 91 विधायकों के साथ विपक्ष में बैठने की तैयारी कर रही है, वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू यादव ने कहा कि उनकी पार्टी के 22 विधायक विश्वास मत के खिलाफ मतदान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में जद(यू) के 118 विधायक हैं, यानी बहुमत से केवल चार कम हैं जबकि सदन में भाजपा के 91 सदस्य हैं। विधानसभा में छह निर्दलीय विधायक हैं और कांग्रेस के चार सदस्य हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications