शत्रुघ्न ने कहा - खामोश, आडवाणी को ही बनना चाहिए प्रधानमंत्री
मुम्बई। अभिनेता-राजनीतिज्ञ और भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा, लाल कृष्ण आडवाणी के समर्थन में आगे आए हैं जिन्होंने नरेंद्र मोदी को 2014 के आम चुनाव में चुनाव समिति का मुखिया घोषित किए जाने के बाद पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। मोदी एवं आडवाणी के समर्थन में लोगों के बंट जाने से भाजपा में खुली जंग शुरू हो गई है।
जानकार सूत्र के मुताबिक, मोदी को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में प्रचारित किए जाने की वजह से शुत्रघ्न काफी नाराज हैं। शत्रुघ्न से जुड़े उनके करीबी सूत्र ने बताया, "यह सही है कि शत्रुघ्न फ्लु की वजह से बीमार हैं लेकिन यह गोवा सम्मलेन में भाग न लेने की असली वजह नहीं है। शत्रुघ्न मोदी को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में प्रचारित करने से दुखी हैं।"

उन्होंने कहा, "जहां तक शत्रुघ्न की बात है तो उन्हें इस काम के लिए भाजपा में आडवाणी से ज्यादा योग्य नजर नहीं आता। आडवाणी जी की जगह किसी और को चुनना उनका अपमान है जिन्होंने पार्टी के निर्माण में अपना खून पसीना लगाया है। यह पार्टी की छवि के लिए भी अपमानजनक है। " सूत्र के मुताबिक, शत्रुघ्न ने पार्टी के फैसले से डरे बिना आडवाणी का साथ देने का फैसला किया है।
सूत्र ने कहा, "शत्रुघ्न का मानना है आडवाणी को अलग थलग करने की कोई ठोस वजह नहीं है। अटल बिहारी वाजपेयी की खराब हालत के विपरीत भगवान की कृपा से आडवाणी की सेहत अच्छी है। शत्रुघ्न मानते हैं कि आडवाणी के आत्म-अनुशासित और अत्यधिक ईमानदारी की वजह से उनमें नेतृत्व के गुण हैं। आडवाणी शारीरिक और आत्मिक रूप से देश को नेतृत्व प्रदान करने की क्षमता रखते हैं। शत्रुघ्न के मुताबिक, आडवाणी अगले चुनाव में भारत का नेतृत्व करने की क्षमता रखने वाले इंसान हैं।
सूत्र के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इसकी वजह है जिन्होंने मोदी की शक्ति को खुली चुनौती दी है और शत्रुघ्न नीतीश के खिलाफ नहीं जाना चाहते।












Click it and Unblock the Notifications