ब्वॉयफ्रेंड को सबक सिखाने के लिये जयपुर को बम से उड़ाने का प्लान

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित मुख्यमंत्री ऑफिस में एक मेल आया। मेल मिलते ही पूरे महकमे में हड़कंप मच गया और फौरन पूरे शहर को हाई अलर्ट पर कर दिया। मेल में लिखा था कि जयपुर को 13 जून को सिलसिलेवार बम धमाकों से उड़ा दिया जायेगा। पुलिस ने फौरन छानबीन शुरु कर दी और आईपी एड्रेस के माध्यम से रितु शर्मा तक पहुंच गई। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत रितु को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में रितु ने पुलिस को बताया कि अमित जैन नामक युवक से उसका अफेयर था। अमित ने कुछ समय पहले किसी और लड़की से शादी कर ली। रितु इस बात से काफी नाराज थी। अमित को सबक सिखाने के लिये रितु ने एक फर्जी ईमेल आईडी बनाई और सीएम ऑफिस, डीजीपी, जयपुर पुलिस आयुक्त और अन्य पुलिस अधिकारियों को बुधवार को ईमेल भेज दिया। पुलिस के आला अधिकारी ने बताया कि रितु ने ईमेल में अमित का नाम और उसके डाक पते का जिक्र किया, जो प्रताप नगर का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि ईमेल भेजने में इस्तेमाल किए गए कंप्यूटर के आईपी एड्रेस से पता चला कि ईमेल वैशाली नगर के एक साइबर कैफे से भेजी गई थी! बस यहीं से सच से पर्दा उठा! पता चला कि रितु ने यह ईमेल भेजा था। इसके बाद रितु से गुरुवार को पूछताछ की गई और उसे आईटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि रितु ने एमबीए किया है और फिलहाल वह बेरोजगार है। मालूम हो कि रितु ने उस मेल में 13 जून को जयपुर को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications