ICC ने गुरुनाथ और बुकी के बारे में कोई चेतावनी नहीं दी थी: श्रीनिवासन
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने शुक्रवार को फिर से इस्तीफा देने से इंकार कर दिया और कहा कि उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में स्पॉट फिक्सिंग मामले में अपने दामाद गुरुनाथ मयप्पन को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से मिली किसी तरह की चेतावनी की कोई जानकारी नहीं है। स्पॉट फिक्सिंग के ताजा मामले में अपने दामाद के गिरफ्तार होने के बाद से ही श्रीनिवासन पर इस्तीफा देने और बोर्ड की बैठक बुलाने का दबाव लगातार बना हुआ है।
समाचार चैनल एनडीटीवी ने श्रीनिवासन के हवाले से शुक्रवार को कहा कि बीसीसीआई की कार्यकारी समिति की आपात बैठक शनिवार, आठ जून को होगी। इससे पहले एनडीटीवी ने शुक्रवार को ही मुंबई पुलिस के सूत्रों के हवाले से कहा था कि श्रीनिवासन के दामाद मयप्पन ने इसी मामले में गिरफ्तार बॉलीवुड अभिनेता विंदू दारा सिंह को बताया था कि आईसीसी ने उन्हें आईपीएल की उनके स्वामित्व वाली टीम के प्रति सचेत रहने के लिए कहा था।

गौरतलब है कि मयप्पन, श्रीनिवासन की कम्पनी इंडिया सिमेंट्स के स्वामित्व वाली आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के प्रमुख भी हैं, हालांकि कंपनी ने औपचरिक तौर पर इससे इंकार किया है।
श्रीनिवासन ने हालांकि मयप्पन को आईसीसी की तरफ से मिली किसी तरह की चेतावनी के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की और फिर से अपने इस्तीफे से इंकार किया। दूसरी तरफ बीसीसीआई के संयुक्त सचिव अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए बोर्ड की विशेष आम बैठक बुलाने की मांग की है। बोर्ड की यह विशेष बैठक शनिवार आठ जुलाई को बुलाई गई है। अगर इस बैठक मैं बोर्ड के तीन चौथाई सदस्य श्रीनिवासन के खिलाफ मतदान करते हैं तो श्रीनिवासन को इस्तीफा देना पड़ सकता है। सूत्रों के मुताबिक 18 एसोसिएशन श्रीनिवासन के खिलाफ हैं।












Click it and Unblock the Notifications