बसपा के वोटबैंक में सेंधमारी की तैयारी
गोरखपुर। कांग्रेस ने बसपा के वोट बैंक में सेंधमारी के लिए अनुसूचित जाति के छात्रावासों पर नजर गड़ा दी है। कांग्रेस सांसद व राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पी.एल. पुनिया अजा छात्रावासों में रहने वाले छात्रों के बीच पैठ बनाने की रणनीति पर कार्य रहे हैं।पुनिया ने जून तक सभी अजा छात्रावासों का निरीक्षण कर समस्याओं को सूचीबद्ध करने और उसका निराकरण कराने का निर्देश प्रदेश समन्वयक महेंद्र मोहन को दिया है।
दरअसल, पुनिया अजा युवाओं में कांग्रेस के प्रति साफ्ट कार्नर पैदा करना चाहते हैं। यही वजह है कि पुनिया जिस जिले में जाते हैं वहां पर अजा छात्रावास का निरीक्षण जरूर करते हैं। साथ ही अजा छात्रों से उनकी समस्या की भी जानकारी लेते हैं। अजा वर्ग में बसपा की तगड़ी पैठ होने के कारण इस वर्ग के वोटर कांग्रेस को अपना समर्थन काफी कम देते हैं। यही वजह है कि पुनिया इस वर्ग के बीच अधिक से अधिक उपस्थिति दर्ज कराना चाह रहे हैं। अजा वर्ग को कांग्रेस की ओर खींचने के लिए ही दलित छात्रावासों को माध्यम बनाया जा रहा है।

कुछ माह पहले राज्य सरकार द्वारा कहा गया था कि अजा छात्रावासों में अन्य पिछड़ा वर्ग तथा सामान्य वर्ग के भी छात्रों को कक्ष आवंटित किए जाएंगे। अजा छात्रवासों में रहने वालों ने इसका जोरदार विरोध किया। आयोग के राज्य समन्वयक व जिला समन्वयक भी इस लड़ाई में शामिल हुए। आयोग को भी इसकी सूचना दी गई। आयोग ने इसे गंभीरता से लिया और राज्य सरकार ने आदेश वापस ले लिया।
पुनिया के निर्देश पर टीम अजा छात्रावासों का निरीक्षण कर रही है और संबंधित जिले के समाज कल्याण अधिकारी से मिलकर समस्याओं का समाधान करा रही है। इस बाबत पुनिया ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर अजा वर्ग को शिक्षित बनाना चाहते थे। बाबा साहब के सपने को पूरा करने के लिए ही यह कार्य किया जा रहा है। प्रयास यही है कि अजा छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं मिल सके और वे अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से पूरी कर सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications