गर्मी से तिलमिलाया उत्तर भारत, बिजली की समस्या ने बढ़ाई बेचैनी
नई दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों बढ़ते तापमान के कारण गर्मी से तिलमिलाया हुआ है। दिल्ली सहित कई राज्यों में तापमान 47 डिग्री सेल्शियस के पार चला गया है। वहीं बिजली की समस्या ने और 'कोढ़ में खाज' का काम किया है। अभी तक मध्य प्रदेश में गर्मी ने तीन लोगों की जान ले ली है। यह हाल सिर्फ मैदानी भागों का नहीं है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी नये रिकॉर्ड बना रही है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 26 मई को पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। जिसका असर गर्मी कम होने के रूप में मैदानी भागों में भी देखा जा सकता है।
दिल्ली-एनसीआर का तापमान 47.2 डिग्री सेल्शियस दर्ज किया गया है। गर्मी के साथ ही लू के थपेड़े भी चल रहे हैं। जिसने लोगों को जीना मुश्किल कर दिया है। इस दौरान हरियाणा और पंजाब में दिल्ली से भी ज्यादा तापमान रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश्ा के बांदा का तापमान सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया। जो कि 47.4 डिग्री सेल्शियस रहा। मैदानी भागों में धूल भरी आंधियां चलने की संभावना भी जताई जा रही है।
राजस्थान में सर्वाधिक तापमान चुरू का रहा जो कि 47.4 रहा। गौरतलब है कि एक तरफ गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो दूसरी तरफ बिजली की समस्या के कारण लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि दिल्ली एनसीआर में गर्मी ने पिछले दस वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है। मौसम विभाग द्वारा उम्मीद जताई जा रही है कि आगे कुछ दिनों में धूप से लोगों को राहत मिल सकती है।













Click it and Unblock the Notifications